Monday, December 24, 2018

व्हाई डिड नॉट यू सिंग कमली ‘सतपुली का सैण मा...’

बचपन में एक कारुणिक गीत अक्सर सुनते थे;
द्वी हजार आठ भादौं का मास, सतपुली मोटर बगीन खास।
शिवानन्द को छयो गोवरधन दास, छै हजार रुप्या थै वैका पास।

जिया ब्वै कू बोलणू रोणू नी मैकु .....। 

 (दुःख है कि आज पूरा गीत याद नहीं है। संवत 2008 के भादौं/सन् 1951 सितम्बर माह की घटना है जब सतपुली में पूर्वी नयार नदी की बाढ़ में जन-धन व मवेशियों की भारी हानि हुयी। बाढ़ की विकरालता की कल्पना इसी से की जा सकती है कि नयार नदी पर बना पुल भी बाढ़ की भेंट चढ़ गया। उसी त्रासदी में जीवन खो देने वाले एक शिवानन्द के पुत्र गोवरधन भी थे जिन पर आशु कवियों द्वारा उपरोक्त गीत रचा गया था।)
 सतपुली की बात आते ही इस मार्मिक गीत की पंक्तियां जेहन में गूंजने लगती और ऐसा लगता कि सतपुली आज भी उस घटना से उबर नहीं पाया होगा। सच कहूँ तो सतपुली के प्रति संवेदना का कुहासा वर्षों बाद तब छंटा जब प्रख्यात गीतकार चन्द्र सिंह राही जी ने 1983 में फिल्म ‘‘जग्वाळ’’ के लिए गीत गाया था।
‘नि जाणू नि जाणू कतई नि जाणू सतपुळी का मेळा मेरी बऊ सुरेला।
नि जाणू नि जाणू जमई नि जाणू पंचमी का मेळा मेरी बऊ सुरेला।
सतपुळी का सैण मेरी बऊ सुरेला।..................’
सतपुली का दूसरा रोमाण्टिक पहलू भी है, दिल ने तब माना।
सतपुली मैंने सन् 1990 में पहली बार देखा, जब इलाहाबाद से लौटते हुये कोटद्वार से श्रीनगर जाना हुआ। सन् 1951, 1983 और 1990 के बाद जमाना बहुत बदल चुका है। तीस हजार से अधिक आबादी वाले पूर्वी नयार नदी के बायें तट पर बसा सतपुली आज नगर पंचायत क्षेत्र है। पौड़ी जिले के पन्द्रह विकास खण्डों में से एक सतपुली, दो सौ तिरेसठ गांव वाला विकासखण्ड सतपुली अब एक पृथक तहसील भी है। 105 किलोमीटर लम्बे पौड़ी-कोटद्वार मार्ग के लगभग मध्य में स्थित और समुद्रतल से मात्र साढ़े छः सौ मीटर ऊंचाई पर बसा सतपुली समशीतोष्ण जलवायु वाला नगर है। सतपुली नगर से एक किलोमीटर पश्चिम में पूर्वी व पश्चिमी नयार नदी का संगम है और निरन्तर पश्चिम वाहिनी होते हुये नेगी जी की ‘‘रुकदी छै ना सुख्दी छै, नयार जनी बग्दी छै.......’’ के यथार्त के साथ लगभग पच्चीस किलोमीटर दूरी तय कर ब्यासघाट के पास गंगा नदी की बाहों में समाकर अपना अस्तित्व खो बैठती है। 

आज सतपुली नगर में अनेक कार्यालयों के अतिरिक्त राष्ट्रीयकृत बैंकों की शाखाएं, इण्टर कॉलेज, आई0 टी0 आई0, पोलीटेक्निक, नवोदय विद्यालय, राजकीय महाविद्यालय आदि शैक्षणिक संस्थान ही नहीं ‘द हँस फाउण्डेशन’ का सभी सुविधाओं से युक्त 150 बेड का अस्पताल भी है। पौड़ी, कोटद्वार ही नहीं सतपुली नगर देवप्रयाग, थलीसैण आदि महत्वपूर्ण स्थलों से भी सीधा जुड़ा हुआ है। 
माना जाता है कि कोटद्वार से इस मार्ग पर सातवें पुल के पास बसे होने के कारण इसका नाम सात पुल और ‘सतपुली’ पड़ा। उत्तराखण्ड के वर्तमान मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत जी के मौसेरे भाई डेरयाली(गुमखाल) निवासी अड़सठ वर्षीय श्री बीरेन्द्र सिंह बिष्ट जी बताते हैं कि उनके दादा स्व0 चन्द्र सिंह बिष्ट आजादी से पहले सतपुली में बस गये थे और सन् पचास के दशक में वे सतपुली के मालदार लोगों में से थे क्योंकि उनका व्यवसाय ठीक-ठाक चलता था। छहत्तर वर्ष की आयु में उनका देहान्त सन् 1972 में हो गया। श्री बीरेन्द्र सिंह बिष्ट जी का कहना था कि उसी दौर में राजस्थान मारवाड़ से रोजगार की तलाश में जोधराज नाम का एक व्यक्ति आया और दूसरों की मजदूरी करते-करते सतपुली में बस गया और कुछ साल सतपुली का बड़ा व्यापारी बन गया। आज राजस्थान निवासी जोधराज जी के वंशज सतपुली मंे है या नहीं कहा नहीं जा सकता।
डामटा व छाम की ही भांति ‘‘माछा-भात’’ के लिए विख्यात सतपुली को साहित्यकार अशोक कण्डवाल जी के कविता संग्रह ‘‘गौंदार की रात’’ में जगह नहीं मिल पायी। (मुझे यकीन है/ तुम कभी/ डामटा नहीं गये/तुमने/छाम भी नहीं देखा/फिर तुम्हें क्या पता/ जमुना या/ भागीरथी की/ मछलियों की/ पाँखें ओर आँखंे/ कैसी होती है।..........) 

पाँच-छ दशक पहले तक सतपुली में होटल व्यवसायियों की अपेक्षा स्थानीय निवासी कम थे। सड़क मार्ग से जुड़े होने के कारण सुबह जल्दी बस पकड़ने या देर शाम को पहुँचने पर परदेश से आने-जाने वाले लोग प्रायः सतपुली में रुक जाते थे और पौड़ी, कोटद्वार जाने वाली बसें यहाँ पर कुछ देर के लिए अवश्य रुकती थी। फिर जी. एम. ओ. यू. कार्यालय भी सतपुली में था। सतपुली में अक्सर फौजियों की गहमा-गहमी रहती थी। वक्त बदला, फौजियों का आना-जाना कम हुआ क्योंकि ज्यादातर फौजी सुविधाजनक स्थानों पर बस गये हैं। सतपुली में आज आस-पास के गांवों के लोग ही नहीं नौकरी-पेशा बाहरी व्यवसायी लोग भी बस गये हैं।  नयार नदी की उपजाऊ घाटी में बसे खैरासैण, राज सेरा, चमशु, बड़खोलू, रौतेला, बूंगा, बांघाट, बिलखेत, दैसण, मरोड़ा आदि गांवों की भूमि कभी सोना उगलती थी। बल्कि यह कहना ज्यादा प्रासंगिक होगा कि कुछ दशक पहले तक ही सतपुली गढ़वाल का एक सम्पन्न अन्न भण्डार क्षेत्र था। परन्तु आज पलायन के कारण अधिकांश गांवों की भूमि बंजर पड़ी हुयी है। 
उत्तराखण्ड राज्य की इस अठारहवीं वर्षगांठ पर एक प्रश्न मन में अवश्य उठता है कि मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत जी की इस नयार घाटी में क्या कभी फसलंे फिर से लहलहायेगी, दूध-घी की नदियां फिर से बहेगी, वह बहार फिर से लौट सकेगी, खण्डहर हो चुके घरों में क्या कभी फिर से दीया जल सकेगा?

No comments:

Post a Comment