Tuesday, July 23, 2013

रेणुका जी से परशुराम कुण्ड तक - 1

(सन् 1985 में की गयी यह वह पहली यात्रा है जिसे मैंने लिपिबद्ध किया है 1988 में। जगहों और समाज को समझने की समझ तब नहीं थी। यह भी नहीं सोचा था कि कभी इस पर लिख पाऊंगा। फिर भी जैसे तैसे तैयार कर इसे अपने ब्लॉग के मित्रों के सामने रख रहा हूँ। यह यात्रा संस्मरण कई पत्रिकाओं में छप चुका है और अपनी पुस्तक ‘आवारा कदमों की बातें’ में भी इसे प्रकाशित कर चुका हूँ। आज लगभग तीस साल बाद जब समाज, परिस्थितियां पूरी तरह बदल गयी है तब इस लेख की प्रासंगिकता भी शायद न हो। फिर भी यहाँ प्रस्तुत कर रहा हूँ। पाठकों से निवेदन अवश्य करूंगा कि वे अपनी टिप्पणी अवश्य दें। )
        विविधता में एकता का रंग भरने वाले भारतवर्ष में संस्कृति के विभिन्न आयाम देखने को मिलते हैं। विभिन्न क्षेत्रों की विभिन्न संस्कृति। भिन्न जातियों की भिन्न भाषा। सांस्कृतिक धरातल पर आदिवासियों की एक अलग पहचान है। आदिवासी कहीं के भी हो किन्तु सबके रीति-रिवाज, त्यौहार, मान्यतायें, परम्परायें, गीत, संगीत हमें लुभाते हैं। विकास की ओर अग्रसर नई पीढी़ आज अपने रीति-रिवाज, अपनी भाषा, परम्परा एवं संस्कृति से उन्मुख होकर पाश्चात्य सभ्यता व भाषा संस्कृति की भोंडी नकल कर रही है। किन्तु आदिवासी समाज इस सांस्कृतिक क्षरण से थोड़ा-बहुत बचा हुआ है।  उत्तर में हिमालय व दक्षिण में शिवालिक श्रेणियों से आबद्ध, समृद्ध नैसर्गिक सौन्दर्य से परिपूर्ण, शान्त व सुन्दर परिवेश तथा मन मोहने वाले अनेक प्रकार के पेड़-पौधे व जीव जन्तु (Flora and Fauna) की भूमि और विभिन्न प्रकार की कथायें, लोककथायें, रहस्य रोमांच से पूर्ण दन्त कथायें और विविध संस्कृतियांे को समाहित करने वाले पूर्वोत्तर भारत की एक लघु यात्रा का विवरण है।
        ’सेवन सिस्टर्स’ नाम से लोकप्रिय पूर्वोत्तर भारत के सात राज्यों में असम के अतिरिक्त अन्य मेघालय, मिजोरम, मणिपुर, नागालैण्ड, त्रिपुरा व अरुणाचल प्रदेश राज्य हैं। असम (जो समतल नहीं है) के छोटे-छोटे पर्वतीय राज्यों में विभाजन के बाद आज केवल लगभग समतल भूभाग ही असम में रह गया है। अतः अब ‘‘असम‘‘ शब्द की प्रासंगिकता ही नहीं रही। (वैसे असम को ’असोम’ का अपभ्रंश भी माना जाता है और असोम नाम अहोम राजा द्वारा दिया गया था जब उन्होंने तेरहवीं शताब्दी में इस देश पर विजय पायी थी) बंगाल की खाड़ी से निकटता और वनाच्छादित हिमालयी क्षेत्र होने के कारण असम में शेष भारत की अपेक्षा वर्षा का औसत कहीं अधिक है। अप्रैल से अक्टूबर तक, लगभग छः माह चलने वाली वर्षा ऋतु असम में तबाही मचा देती है। विडम्बना है कि पूर्वोतर में विपुल जलराशि वाली ब्रह्मपुत्र व सहायक नदियां व्यर्थ बह रही है। न कोई जल विद्युत परियोजना है और न सिंचाई परियोजना। वर्षा की अधिकता के कारण पूर्वोत्तर राज्यों में सदैव सावन की सी हरियाली छायी रहती है और -
पतझड़ सावन बसन्त बहार,
एक बरस के मौसम चार, मौसम चार,
पाँचवां मौसम प्यार का इन्तजार का ..’‘
         की टेर लगाने वालों को यहां मायूस होना ही पड़ सकता है, यहां साल में दो ही मौसम होते हैं - वर्षा और शीत।
              औपनिवेशिक राज्यों का दोहन और उसे सैरगाह व ऐशगाह के रूप में देखने वाली ब्रिटिश सत्ता ने आदिवासी क्षेत्रों की घोर उपेक्षा ही की है। उपयुक्त जलवायु होने के कारण जहां असम और बंगाल के सैकड़ों चाय बगीचे अंग्रेजों की देन है वहीं ब्रिटिशराज में पूर्वोत्तर क्षेत्र का विकास शेष भारत की भांति नहीं हो पाया है। असम के जंगलों की उपयोगिता उनके लिये मात्र लकड़ी प्राप्ति और शिकार के लिए ही रही है। नेफा भी इससे अछूता नहीं रहा। (एक खूबसूरत हिल स्टेशन शिलॉगं को अंग्रेजों द्वारा अवश्य विकसित किया गया) आदिवासी क्षेत्रों में कबीलाई संस्कृति विकसित होती रही। अपने ही कबीलों तक सीमित रहना, अपने ही समाज के भीतर दैहिक व दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति आदिवासी समाज की विवशता भी रही है। जो कि उनके विकास में बाधक बनी है। स्वतंत्रता के बाद भी पूर्वोत्तर राज्यों की स्थिति कमोवेश वही रही, सिवाय यह कि जगह-जगह असम में स्थापित आरा मिलों के लिये जंगलों से ’कच्चा माल’ ढोया जाने लगा। उसके लिये ही सड़कों का निर्माण किया गया और प्रारम्भ हुयी विकास की प्रक्रिया।
           ’सेवन सिस्टर्म’में एक राज्य है अरुणाचल, अर्थात सूर्य का आंचल जहां सर्वप्रथम लहराता है। अरुणाचल का अस्तित्व हम तभी से मान सकते हैं जब चौदहवीं सदी के आरम्भ में असम पर अहोम राजा का साम्राज्य स्थापित हुआ। 1838 में अंग्रेजों ने असम को अपने आधिपत्य में लिया तो नेफा स्वतः इसके नियंत्रण में आ गया। लगभग अठ्ठासी हजार वर्ग कि.मी. क्षेत्रफल में फैले प्राकृतिक सौन्दर्य से भरपूर केन्द्र शासित अरुणाचल प्रदेश को यह नाम जनवरी 20, 1972 में मिला। इससे पूर्व यह 1948 से नेफा(North East Frontier Agency) नाम से जाना जाता था 21 जनवरी, 1972 को ही खासी, गारो व जयन्यिता हिल्स को मिलाकर मेघालय राज्य की स्थापना हुयी (जो कि इससे पूर्व 02 अप्रैल 1970 को एक स्वायत्त राज्य के रूप में घोषित हो चुका था) तथा ब्रिटिश सरकार के अधीन “लुसाई हिल्स” वाले जिले को 1954 में संसद की कार्यवाही के बाद “मिजो हिल्स” नाम दिया गया और 21, जनवरी 1972 को ही मिजोरम नाम देकर केन्द्र शासित प्रदेश घोषित कर दिया गया। गढवाली कुमाउंनी गीतो में नेफा, लद्दाख जैसे दुरूह क्षेत्रों का वर्णन प्रायः विरह गीतों में आता है,
उड़ि जा ऐ घुघूती न्हैं जा लद्दाख,
हाल म्यारा बतै दिया मेरा स्वामी पास घुघूती. . .

      प्रेयसी अपने प्रिय के सकुशल लौटने की कामना करती है। ऐसा इसलिए भी कि गढ़वाल-कुमाऊँ में अधिकांश लोग सेना में होते हैं और नेफा व लद्दाख पहले से ही दुर्गम और बीहड़ क्षेत्र माने जाते रहे हैं। नेफा से लौटे हुये सैनिक भी संभवतः नेफा के भयानक जंगलों और खतरनाक कबीलों का वर्णन ही लोगों से करते रहे हैं। वहां की परम्पराओं, लोकजीवन, भाषा और संस्कृति का वर्णन कदाचित ही कोई करता हो। इसके पीछे शायद अपनी जीवटता का प्रदर्शन और अपने लिए सहानुभूति बटोरने की मानसिकता ही अधिक रहती हो।
     ’हिन्दी-चीनी भाई भाई’ और पंचशील समझौते को धत्ता बताते हुए चीन ने वर्ष 1962 में भारतवर्ष पर हमला कर दिया। चीन ने अपनी ताकत का अहसास कराकर हमारी सेनाओं को सैकड़ों मील पीछे धकेल दिया। केन्द्र सरकार का ध्यान भी तभी सामरिक महत्व के इन सीमान्त क्षेत्रों की ओर गया। केन्द्रशासित अरुणाचल प्रदेश गठन के उपरान्त पाँच जिले बने। पंच आब -पांच नदियों(रावी, ताप्ती, ब्यास, सतलज और चेनाब) की धरती को पंजाब नाम मिल गया किन्तु पांच प्रमुख नदियों के नाम से सृजित जिलों वाले नेफा को पंजाब जैसा नाम नहीं मिल पाया। ये जिले बने- कामेंग, सुबन्सिरी, सियागं, लोहित और तिराप। राज्य की राजधानी ईटानगर सुबन्सिरी में है तो राज्य का एकमात्र- जवाहर लाल नेहरू कालेज पासीघाट (सियांग जिला) में, जो कि चंढीगढ विश्वविद्यालय से सम्बद्ध है।
            दिल्ली से कानपुर, इलाहाबाद, मुगलसराय, पटना, भागलपुर, जलपाइगुड़ी, बंगाइगांव व रंगिया होते हुये ट्रेन से गोहाटी पहुंचते हैं। गोहाटी जो कि भौगोलिक रूप से असम का केन्द्र है एक पौराणिक नगर भी है। गोहाटी के निकट ही पश्चिम में ब्रहमपुत्र के बायें तट पर एक ऊँची पहाड़ी पर कामाख्या देवी का मन्दिर है। (कथा है कि भगवान शिव की पत्नी एवं हिमालय पुत्री सती के पित्रगृह में प्राण त्यागने के उपरान्त भगवान शिव क्रोधित हो उसके शव को अपने कन्धों पर रख ताण्डव करने लगे थे। तीनों लोकों में त्राहि-त्राहि होने पर भगवान विष्णु ने यह सोचकर कि जब तक सती का शव शंकर के कन्धे पर रहेगा वे अपने को रोक नहीं पायेंगे। अतः उन्होंने सर्वप्रथम सुदर्शन चक्र से सती के शव के टुकड़े-टुकड़े कर डाले। जहां-जहां सती के अंग गिरे वहां-वहां आज शाक्त पीठ हैं। माना जाता है कि कामाख्या में भी देवी सती का ‘भग‘ गिरा था। कामाख्या मन्दिर में कुमारी पूजा का नियम है) प्रागज्योतिशपुर नाम से विख्यात इस गोहाटी को राजा नरकासुर द्वारा बसाये जाने का वर्णन पुराणों व महाकाव्यों में है। नरकासुर के पुत्र भागदत्त ने कौरवों की ओर से हाथियों की विशाल सेना सहित महाभारत युद्ध में भाग लिया था।
                                                                                              क्रमशः  -------------------------

Friday, May 31, 2013

मुक्ति

दुराचारी राजा के षडयन्त्र की शिकार
निर्दोष किन्तु कलंकिनी घोषित
पति परित्यक्ता किन्तु अकारण ही
परिवर्तित हो गयी शिलारूप में
मै आश्रमवासिनी ऋषिपत्नी अहल्या।

अयोध्या के राजदुलारे राम !
आँखें पथरा गयी तुम्हारी प्रतीक्षा में
तुम, जो समझे हो दर्द कौशल्या का
महारानी होने पर भी उपेक्षित
लाचार बूढ़े दशरथ के समक्ष ही
झेलती दंश कैकेई का कई बार।
मेरी पीड़ा भी समझो राम !
अपने प्रिय गौतम, पुत्र सद से बिछुड़ी हुयी।
तड़पते होंगे कपिलवस्तु में निश्चित् ही
मेरा सद अैर मेरे प्रिय भी मेरी प्रतीक्षा में।

रघुवंशी परम्पराओं के निर्वाहक राम !
उद्धारक बन मुक्ति दो इस शिलारूप से।
तुम्हारा यश, तुम्हारी कीर्ति फैले चहुँदिशा कि
मर्यादाओं की नई परिभाषायें गढता राम
पद, व्यक्ति नहीं, न्याय व सत्य के निमित्त है।
दण्डित किया जा सकता है नारी होने पर भी
कुलटा ताड़का को, तो इन्द्र की उद्ण्डता के लिये
निर्दोष अहल्या को पुनर्प्रतिष्ठा क्यों नहीं ? 

Tuesday, April 23, 2013

इतिहास

भाषा के रंग में
जब कभी
वर्तमान को सींचा जाता है
वह
आकाश में खड़े सूर्य के
पदचिन्हों सा
स्थायी हो जाता है
अपने
समूचे भार के साथ।

Friday, March 22, 2013

पराये शहर के अपने लोग


इस पराये शहर में
रहता हूँ अपने लोगों के बीच,
बैठता हूँ अपनें लोगों के बीच,
मिलते हैं साथ सुख-दुःख में,
होते हैं साथ सुख-दुःख में।

इस शहर के अपने लोग-
दूसरे बड़े शहर की बात करते हैं,
बड़े शहर बसने की चाह रखते हैं।
उन्हें सिर्फ धन-दौलत की बातें सुहाती,
उन्हें जमीन-जायदाद की बातें ही भाती।

इस शहर के अपने लोग-
अपने गावं की बात नहीं करते।
इस शहर के अपने लोग-
अपने गावं को याद नहीं करते।

यहाँ के अपने लोग पराये हुये,
यह शहर कभी अपना नहीं रहा।
गावं अपने लौट जाऊँगा एक दिन,
शहर अब मेरा सपना नहीं रहा।

Tuesday, March 12, 2013

वहीं कहीं आज भी

भाग्यशाली हो तुम
ओ बदरा !   
घूम आते हो
मेरे गावं, मुलुक तक
गाहे-बेगाहे,
वक्त-बेवक्त।

जा नहीं पाया मैं चाहकर भी
गावं वर्षों से ।
जबकि,
अटका पड़ा है मन मेरा
वहीं-कहीं ।
वहीं-कहीं आज भी ।।

Tuesday, February 19, 2013

पुल

मेरे गावं के गदेरे पर
नहीं था पहले एक भी पुल।
अक्सर स्कूल आते-जाते बच्चों को
पार करवाते थे तब बरसात में बड़े बुजुर्ग
कमर कमर भर पानी में।

फिर पंचायत में पैसा आया, और 
एक पुल बना गावं के लिये।
कुछ साल बाद दूसरा, फिर तीसरा, और फिर चौथा।
अलग-अलग रास्तों पर अलग-अलग पुल बने
विकास के लिये, या फिर कयावद-
सरकारी धन को ठिकाने लगाने की ?
प्रधान बदलते गये और पुल बनते गये।

वक्त ने करवट ली- और आज
नहीं चढ़ता गदेरे में पानी इतना कि
कमर क्या घुटने भी भीग सके ठीक से।
और स्कूल जाने वाले बच्चों की संख्या
गिनी जा सकती है उंगलियों पर, क्योंकि
कर गये हैं पलायन लोग गावं से आज।

कल जब नहीं गुजरेगा कोई उन पुलों से
बैठे दिखेंगे पुलों की रेलिंग पर तब
केवल और केवल गूणी बान्दर ही।


Tuesday, January 29, 2013

अनुत्तरित प्रश्न

तुमसे मिलने से पहले अक्सर 
सजग बहुत थे सपनों को लेकर
बहुत सोचा करते थे अक्सर 
अपनी जिन्दगी और अपने बारे में,
सोचा न हो कभी तुम्हारे बारे में
ऐसा तो हुआ नहीं कभी। 

तलाशा करते थे चाहत लिये
हर नगर, हर डगर, हर शहर।
कभी मिले भी, कभी दिखे भी तो
अपूर्ण ! आधे अधूरे !!
भटकते रहे जब तक कि
हुयी नहीं तलाश पूरी मेरी,
तुम्हें देखने के बाद लगा मगर
व्यर्थ नहीं रहा प्रयास मेरा
विफल नहीं हुयी साधना मेरी।

परन्तु-
मन के एकान्त कोने से एक प्रश्न
सिर उठाकर पूछता जरूर है कि
तुम भी सोचते हो ऐसा ही, या
यह भ्रम है ? मेरा ही पागलपन है ??


            **** ****





Thursday, January 24, 2013

कुमाऊँ - 5 (अद्भुत आकर्षक पाताल भुवनेश्वर)

पिछले अंक से आगे 
 सौ-डेढ सौ मीटर का अर्धचन्द्राकार मार्ग पार कर पवित्र गुफा के मुहाने पर पहुँचे। इतनी कम ऊँचाई पर देवदार नहीं उगते किन्तु आश्चर्य है कि गुफा के चारों ओर देवदार व चीड़ का घना जंगल है। देवदार के पेड़ सद्यस्नाता सुन्दरी सा रूप लिये हुये बिल्कुल हरे। गुफा के बाहर एक छोटा सा आंगन जिसमें बीस-पच्चीस लोग भीतर प्रवेश करने की प्रतीक्षा में थे। पहाड़ी को काटकर एक छोटा सा कमरानुमा काउण्टर बनाया गया है जिसमें प्रवेश शुल्क लेकर टिकट दिये जाते हैं और साथ ही कैमरे व कैमरे वाले मोबाईल फोन जमा किये जाते हैं। गुफा द्वार पर एक अभिलेख उत्कीर्ण है जो कि चौदहवीं शताब्दी का बताया जाता है। बाहर एक सिक्योरिटी वाला खड़ा था जो भीतर से दल बाहर आने के बाद ही लोगों को भीतर जाने को कहता। एक बार में पन्द्रह-बीस लोगों को ही भीतर प्रवेश करया जा रहा था।
हमारी बारी आई तो मन्दिरों से प्रायः दूरी रखने वाले चालक राणा जी भी साथ हो लिए। भीतर घुसते ही नजर गई तो गुफा से कुछ लोगों की आवाजें आ रही थी। बेतरतीब छोटी छोटी सीढ़ियां चट्टान काटकर बनाई गई थी। साथ ही सीढ़ियों के दोनों ओर मोटी मोटी दो लोहे की सांकलें लटकाई गई थी। जिससे लोग आसानी से उतर सकें। गुफा का सबसे निम्न स्थल और द्वार के बीच की ऊंचाई का अंतर लगभग 27 मीटर का है। किंतु सीढ़ी में इस संकरे मार्ग से एक ही बार में हम बीस मीटर तक उतर गये। नीचे पहुंचकर देखते हैं पैरों के नीचे ढलवा भूमि है। गुफा की कुल लम्बाई 160 मीटर है। किन्तु चूने पत्थर की इस प्राकृतिक गुफा में जिस प्रकार अनेक दैवीय आकृतियां उभरी हुई हैं उससे ईश्वर के प्रति आस्था होनी स्वाभाविक ही है। गाइड इन विभिन्न आकृतियों को हिन्दू धर्म ग्रंथों में वर्णित देवी देवताओं से जोड़ते हैं।
गाईड बताते हैं कि गुफा के भीतर से एक मार्ग काशी विश्वनाथ (वाराणसी) दूसरा रामेश्वरम व तीसरा कैलाश मानसरोवर तक जाता है किन्तु विभिन्न कालखण्डों में प्रलय आ जाने के कारण यह मार्ग बन्द हो गये हैं। और विश्वास है कि कलियुग समाप्ति अर्थात सतयुग प्रारम्भ होने पर यह मार्ग पुनः खुलेंगे, ऐसा धर्मग्रंथों में वर्णित है। गुफा के भीतर ऐरावत हाथी के दर्जनों पांव, चार युगों के रूप में छोटी-मोटी टीलेनुमा आकृतियां, शिवलिंग व गुफा की छत से स्वतः ही पानी टपकना, शिव की विशाल जटा आदि मुख्य रूप से दर्शनीय हैं। गुफा की छत कहीं 15-20 फुट ऊंची है तो कहीं मात्र 5-6 फीट ही। इन दैवीय स्वरूप लिये आकृतियों को देखकर उस अनाम कोटिनाम ईश्वर के प्रति अगाध श्रद्धा उमडनी स्वाभाविक है। लगभग 45 मिनट तक हम प्रकृति के अद्भुत रूप को विस्फारित नेत्रों से देखते रहे। गाईड ने पूरी गुफा के दर्शन करवाने के बाद एक जगह पर सामूहिक रूप से पूजा सम्पन्न की और बाहर जाने को कहा। किन्तु मेरा मन वहीं रुक जाने को हुआ। प्रकृति के इस रूप को निकट से देखने से  मन में रोमांच भर गया था। गर्मी के इस मौसम में बाहर भीषण गर्मी थी लेकिन गुफा के भीतर काफी शीतलता। अनमने भाव से अन्य श्रद्धालुओं के साथ मैं परिवार सहित बाहर निकल आया। भीतर की स्थिति को सटीक शब्दों में बयां कर पाना संभव नहीं।
ऐसा माना जाता है कि यहां पर भगवान शिव अपने भक्तों की प्रतीक्षा बड़ी उत्सुकता से करते हैं और जो भक्त पवित्र गुफा तक पहुंच जाता है उस पर उनकी कृपा सदैव बनी रहती है। द्वादश ज्योर्तिलिंगों में काशी विश्वनाथ, केदारनाथ व रामेश्वरम की पूजा से अधिक महात्म्य पाताल भुवनेश्वर की पूजा का माना जाता है। पाताल भुवनेश्वर में भगवान शिव ही नहीं अपितु हमारे 33 करोड़ देवी देवताओं की शय्या है। मार्कण्डेय ऋषि द्वारा चण्डीपथ की रचना इसी पवित्र गुफा में बैठकर की गई। स्कन्ध पुराण के मानस खण्ड में विस्तृत विवेचना की गई है कि जो भी मनुष्य उस अलौकिक पारब्रह्म के अस्तित्व को लेकर थोड़ी सी भी शंका करता है उसे पाताल भुवनेश्वर के दर्शन अवश्य कर लेना चाहिए।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार त्रेता युग में अयोध्या के सूर्यवंशी राजा ऋतुपर्ण द्वारा यह गुफा खोजी गई। मान्यता है कि रानी दमयंती ने एक बार राजा नल को पराजित किया और रानी दमयंती के रोष से बचने के लिए राजा नल ने ऋतु पर्ण से याचना की कि वह उसे उसकी पत्नी दमयंती से बचाये। ऋतुपर्ण राजा नल को हिमालय के सघन वन क्षेत्र में ले गये और वहां रुकने के लिए कहा। वापसी में राजा ऋतुपर्ण को एक हिरण के सौन्दर्य ने मोह लिया, जो घने जंगलों में भाग गया। उन्होंन हिरण का पीछा किया किन्तु वह कहीं नहीं मिला। थक कर वह एक पेड़ के नीचे लेट गये। सपने में उसी हिरण ने राजा ऋतुपर्ण से कहा कि वह उसका पीछा करना छोड़ दें। नींद टूटी तो उन्होंने अपने को एक गुफा के मुहाने पर पाया। फिर वे गुफा के भीतर जाने के लिए बढ़े तो द्वारपाल ने रोक दिया। परिचय के उपरान्त वहां विराजमान शेषनाग जी ऋतुपर्ण को अपने फन पर बिठाकर गुफा में ले गये और उन्हें उस दिव्यलोक के दर्शन कराये जहां पर तैंतीस करोड़ देवी देवता विराजमान थे।
द्वापर में कुरुक्षेत्र युद्ध के पश्चात अपने गुरुजनों एवं बंधु बांधवों की हत्या के पाप से बचने के लिए पाण्डवों ने हिमालय में प्रस्थान किया। यहां से गुजरते हुए पाण्डवों ने गुफा में कुछ दिन भगवान शिव की आराधना की। माना जाता है कि तत्पश्चात गुफा तब खुली जब आठवीं सदी में कत्यूरी शासनकाल के दौरान आदि शंकराचार्य ने यहां पूजा अर्चना की और इस गुफा का महात्म्य स्थानीय जनों को बताया।(राज्य के अन्य मन्दिरों की भांति इस गुफा का सम्बन्ध भी आदि शंकराचार्य से जोड़ दिया गया है) तब से इस गुफा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं द्वारा दूर-दराज के क्षेत्रों से आकर पूजा अर्चना की जाती है। प्रायः सभी मंदिरों व धार्मिक स्थलों में ब्राह्मण वर्ग ही पूजा अर्चना करते हैं। किंतु पाताल भुवनेश्वर में भण्डारी जाति के क्षत्रिय उपासक हैं, जिन्हें आदि शंकराचार्य ने इस कार्य हेतु नियुक्त किया है। भुवनेश्वर गांव के ही रावल, गुरौं, दसौनी, द्योण आदि अन्य जातियों के लोग व्यवस्था में सहयोग प्रदान करते हैं।
पाताल भुवनेश्वर से गंगोली हाट वापस आये। कुमाऊं रेजीमेंट की ईष्ट देवी तथा शक्तिपीठ के रूप में विख्यात माँ महाकाली (हाटकालिका) के दर्शन कर आगे के लिए प्रस्थान किया।
                                                                                                                                .............समाप्त  

Monday, January 21, 2013

कुमाऊँ - 4 ( बागेश्वर से गणाईं-गंगोलीहाट तक)

पिछले अंक से आगे - 
            सुबह नहा धोकर जल्दी तैयार हो गये। पिछले दो दिनों से रानीखेत और कौसानी में पानी की तंगी के कारण ढंग से नहीं नहा पाये थे। पानी तो था किन्तु मनोवैज्ञानिक दबाव रहता। होटल वाले यह आगाह करना न भूलते ‘‘साहब ! गरमी के कारण थोड़ा पानी की किल्लत है। आदि आदि.....’’  चाय नाश्ते के बाद हम बागनाथ जी को प्रणाम कर बागेश्वर से पूरब की ओर धीरे-धीरे चढाई वाले मार्ग पर बढते जाते हैं। स्टियरिंग हाथ में हो और चीड़ के जंगलों के बीच से गुजरती हुयी नागिन जैसी काली सड़क हो तो गाड़ी दौड़ाना अच्छा लगता है। जैसे जैसे ऊँचाई पर उठते जाते हैं पीछे बागेश्वर का फैलाव और गोमती व सरयू का संगम का दृश्य और भी मनभावन लगता है। बागेश्वर के लोगों में वन चेतना अधिक है इसीलिये शहर में सभी जगह हरियाली दिखायी देती है। मैं हर मोड़ के बाद गाड़ी रोकता हूँ ताकि नजारों का लुत्फ उठाया जा सके। आगे काण्डा पहुंचते हैं। काण्डा नाम स्थानीयता का परिचायक है। उत्तराखण्ड में काण्डा, काण्डी, काण्डाखाल,काण्डाधार, काण्डयूंसैण आदि कई नाम हैं। काण्डा से गुजरते हुये आसपास की पहाड़ियों पर जगह जगह खड़िया खनन के कारण सफेद रंग के गड्ढे दिखाई देते हैं। हरे भरे खेतों व हरियाली बिखेरते पहाड़ों के बीच जगह जगह ये सफेद दाग ? दुःख होता है हमारा यह खूबसूरत पहाड़ सफेद दाग (ल्यूकोडर्मा) का रोगी हो गया है। दोहन चाहे खनिज पदार्थों का हो या वनों का, पहाड़ का भला होता तो कहीं दिखता नहीं है।
आगे बढते जाते हैं, इस पिथौरागढ-बागेश्वर सड़क पर इक्का दुक्का वाहनों का ही आना जाना था। गावं दूर दूर होने के कारण आबादी का घनत्व इस क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम ही है। गावों के आसपास सड़क किनारे जगह जगह हैण्डपम्प दिख रहे थे, कुछ सूखे पड़े थे और जिनमें पानी होता उनमें गागर व बण्ठा लिये औरतों की भीड़ दिखती। जिनमें भीड़ कम होती वहां पर लड़कियां व औरतें कपड़ों सहित नहाते हुये दिख जाती। इस गरमी ने सभी को झुलसा कर रख दिया, क्या मैदान क्या पहाड़। इस पर्वत श्रृंखला के पूर्वी ढलान पर फैले चौकोड़ी में रुकने की तीव्र इच्छा थी। पंचाचुली आदि पर्वत श्रेणियों के दर्शन के लिये यह स्थान उपयुक्त माना जाता है। सुदूर उत्तर-पूरब में अभिभूत कर देने वाली हिमालय की धवल चोटियां और सामने गणाई-गंगोलीहाट का विस्तार। उत्तराखण्ड के वास्को-डि-गामा कहे जाने वाले डॉ सुरेन्द्र सिंह पांगती, आई0 ए0 एस0 ने आयुक्त व महानिदेशक, उ0प्र0 पर्यटन निदेशालय रहते हुये जिन गुमनाम स्थानों को पहचान दिलायी चौकोड़ी भी उनमें से एक है। उनके सद्प्रयास से ही कुमाऊँ मण्डल विकास निगम ने यहां पर पर्यटकों को आकर्षित करने के लिये एक गेस्ट हाऊस बनाया और आज देखते देखते यहां पर धन्ना सेठों के अनेक हट्स व रिसोर्टस तैयार हो गये। और जिस तेजी से ये बढ रहे हैं उससे लगता है कि एक दिन यहां की पूरी कृषि व उपजाऊ भूमि कंक्रीट के जंगल में
तब्दील हो जायेगी।
फोन द्वारा स्थानीय मित्र भुवन चन्द्र पन्त से सुबह ही पूछा कि दोपहर के भोजन के लिये कौन सी जगह ठीक है? वे बता चुके थे कि यदि सीधे पिथौरागढ आओगे तो थल में और गंगोलीहाट होते हुये आओगे तो उडयारी बैण्ड। उडयारी बैण्ड में दो राहा है, एक थल-पिथौरागढ/मुनस्यारी के लिये तो दूसरा बेरीनाग-आगर-गंगोलीहाट के लिये। मात्र दो-तीन होटल है उडयारी बैण्ड में। खाना लजीज तो नहीं किन्तु भूख मिटायी जा सकती थी। पहाड़ों पर होटलों में प्रायः थाली सिस्टम होता है अर्थात कितना भी खाओ कीमत निर्धारित है। इसलिये होटल मालिक भी सभी कुछ बजट के भीतर ही रखते हैं। और ग्राहक भी मजबूर होता है कि जो भी मिल रहा है उसे तो खा ही लें।
भोजन करने और कुछ सुस्ताने के बाद दक्षिण की ओर गंगोलीहाट जाना तय करते हैं। चौकोड़ी समुद्रतल से 1980 मीटर ऊँचाई पर स्थित है तो उडयारी बैण्ड मात्र 1800 मीटर पर। महीना भले ही जून का हो किन्तु इतनी ऊँचाई पर धूप में गरमी नहीं रहती है। यहां पर धूप तपा नहीं सहला रही हो जैसे। रास्ते के दोनों ओर सीढीदार खेत और पीछे ऊँचाई पर बांज, बुरांस, देवदार व कैल आदि का मिश्रित वन मनोहारी दृश्य उत्त्पन्न करता है। बसन्त में जब यहां बुरांस फूलते होंगे तो कैसा दिखता होगा, कल्पना ही कर सकता हूँः
जागेश्वर धुरा बुरुंशि फुलि गे छ ऽ
मैं कैहुँ टिपुँ फूला, मेरि हंसा रिसै रै।

कुमाऊँ के मध्य कोई हिमानी न बहने के कारण पहाड़ों की आकृति में गढवाल की भांति पैनापन नहीं है। अपितु अधिकांश पहाड़ियों की बनावट तो कूर्माकार (कछुये जैसी) है। बारह कि0मी0 दूरी तय कर बेरीनाग पहुंचते हैं। डेढ सौ वर्ष पहले अंग्रेजों द्वारा चौकोड़ी बेरीनाग की पहाड़ियों पर चाय बागान लगाये गये थे जो कि आज अच्छी स्थिति में नहीं है।
बेरीनाग से गंगोलीहाट की ओर धार पर चलते हुये उत्तर-पूर्व में पूर्वी रामगंगा के जलागम क्षेत्र का विस्तार दिखाई देता है। गुप्ताड़ी से गंगोलीहाट का रास्ता छोड़कर पाताल भुवनेश्वर की ओर बढ़ जाते हैं। बचपन में गावं की रामलीला में पाताललोक के बारे में सुना था कि रावण का भाई अहिरावण था व उसकी सत्ता पाताललोक में थी। रावण के कहने पर वह भगवान राम व लक्ष्मण को अपहरण कर पाताललोक ले गया। तब वीर हनुमान जी ने उन्हें छुड़ाया था जहाँ पर वे अपने पुत्र मकरध्वज को मिलते हैं, आदि आदि। महाभारत में पाताललोक तो नहीं, हां नागलोक का जिक्र अवश्य आता है। सोचता हूँ पाताल भुवनेश्वर नाम क्यांे दिया गया होगा। किन्तु जब कहीं कहीं खड़ी चट्टानों को काटकर बनाई गयी सड़क पर निरन्तर नीचे नीचे उतरते जाते हैं तो तब पाताल भुवनेश्वर नाम की सार्थकता सही लगती है। वास्तव में हम पाताल उतर आये थे।पाताल भुवनेश्वर में सड़क जहाँ समाप्त होती है वहीं पार्किंग भी है, दायीं ओरगाड़ियां पार्क होती है और बायीं ओर आठ-दस दुकानें हैं। सड़क के आखिर में प्रवेशद्वार है और नीचे सीढ़ियां उतरने पर प्राचीन मन्दिर बुद्ध भुवनेश्वर के दर्शन होते हैं। साथ ही नील, काल व बटुक भैरव के मन्दिर भी हैं। समय पर्याप्त हो तो त्रिकोण के बीच बना शिवलिंग, धर्मशाला के आंगन में हनुमान जी की विशाल मूर्ति तथा शेषावतार व सूर्य की मूर्ति भी आकर्षण के केन्द्र है।
                                                                                                                                  क्रमशः......................

Wednesday, January 02, 2013

प्रार्थना

जग को ज्योतिर्मय कर दो !
 

प्रिय कोमल-पद-गामिनि !
 

मन्द उतर-
 

जीवन्मृत तरु-तृण-गुल्मों की पृथ्वी पर,
 

हँस-हँस, निज पथ आलोकित कर
 

नूतन जीवन भर दो ! -
 

जग को ज्योतिर्मय कर दो !              
                         
                             -सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’
                                         (परिमल से)

Wednesday, December 26, 2012

कुमाऊँ - 3 (भगवान बागनाथ जी के चरणों में)


यात्रा संस्मरण  
 बागेश्वर- सरयू नदी का फैलाव और गोमती का संगम 
            ईश्वर को प्रणाम कर, भोजन बागेश्वर में किया जाय यह सोचकर हम आगे बढ़ते हैं. बैजनाथ से कुछ दूरी पर से एक रास्ता बायीं ओर बदरीनाथ को जाता है और दूसरा बागेश्वर को. यहाँ से निरंतर चढ़ाई चढ़ते हुए अठारह किलोमीटर दूरी पर चमोली जिले का एक हिल स्टेशन है ग्वालदम. समुद्रतल से लगभग 2000 मीटर ऊँचाई पर होने के कारण सर्दियों में जमकर हिमपात होता है जो सैलानियों को आकृषित करता है. हल्द्वानी, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर आदि जगहों से बदरीनाथ जाने वाले लोग ग्वालदम होकर जाते हैं. ग्वालदम का सौन्दर्य प्रकृति प्रेमी को बरबस अपनी ओर आकृषित करने वाला है. हम गोमती नदी के बाएं तट पर बागेश्वर की ओर आगे बढ़ते हैं. समशीतोष्ण जलवायु वाली चौड़ी व इस रमणीक घाटी में गाँव काफी पास-पास हैं और जनसँख्या घनत्व ठीकठाक है. पहाड़ों में बढ़ते पलायन को देखते हुए कहा जा सकता है कि गगास घाटी और यह कत्यूर घाटी अपवाद है. गांवों में हलचल दिखती है. पुरुषों की भागदौड़, महिलाओं की खिलखिलाहट और बच्चों की धमाचौकड़ी से जीवन्तता आज भी बनी हुयी है. कत्यूरी शासन काल में राजधानी होने के साथ साथ कारण यह भी है कि बसासत के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध है. चारा व जलावन लकड़ी हेतु गाँव के पीछे पहाड़ियों पर घना जंगल, आस पास अपेक्षाकृत समतल कृषि योग्य प्रचुर भूमि तथा आवागमन के लिए चौड़ी सड़कें. तीन ओर पहाड़ियां होने से पानी की कमी भी कदाचित ही होती होगी. और सबसे मुख्य यह भी कि गाँव लगभग समतल भाग या हल्की ढलान वाली भूमि पर होने के कारण न भूस्खलन का खतरा है और न ही पहाड़ियों से मलबा गिरने का भय. सड़क के दोनों ओर बसे गांवों में केले, आम, खुबानी और नाशपाती के फलदार पेड़ों की कतारें मन मोह लेती है. नाशपाती के लकदक पेड़ों को देखकर मेरी बेटी ललचाती है और एकाध नाशपाती तोड़ लाने की जिद पकडती है. मना करता हूँ और किसी तरह ही उसे मना पाता हूँ.             
भगवान बागनाथ जी का मन्दिर (पार्श्व ओर  से )
             चालक राणा जी कई वर्षों तक लम्बी दूरी की बसों में ड्राइविंग करता था. इसलिए उसे हमेशा मंजिल पर पहुँचने की जल्दी रहती है. मना करते हैं कि हम लोग घूमने के मकसद से ही घर से निकले हैं इसलिए हमें कहीं पहुँचने की कोई जल्दी नहीं है. जहाँ रात होगी वहीँ पर रुक जायेंगे. नदी के दोनों ओर खेतों में किसानों ने धान की नर्सरी उगा कर खेत के शेष हिस्से में जुताई भी कर दी है. आशमान बरसेगा तो रोपाई कर देंगे. जून का अंतिम सप्ताह चल रहा है किन्तु बारिस का इन्तेजार ख़त्म नहीं हुआ. चाय पीने की इच्छा से सड़क किनारे गाडी रोकते हैं. एक अधेड़ व्यक्ति से हाल चाल पूछता हूँ तो जबाव मिलता है ठेठ कुमाउनी लहजे में " ..... कहाँ हो, इस साल बारिस हुयी ही कहाँ ठहरी, खेतों की तो छोड़ो पीने के पानी का अकाल पड़ा हुआ ठहरा ......"  नीचे गोमती में पानी की एक पतली सी धारा मात्र कहीं कहीं दिखाई दे रही थी और उसके सीने पर बेतरतीब बिखरे छोटे बड़े पत्थर शीशे की मानिंद चमक रहे थे. सन 2003 में सितम्बर माह में यहाँ से गुजरा था तो गोमती नदी किसी अल्हड़ युवती की भांति इठलाती इतराती आगे बढ़ रही थी. नदी किनारे तब कई मछुवारे बगुला बने बैठे थे. गोमती का यह सूखा रूप उदास कर गया. धीरे धीरे रास्ते में कमेरा और कमेड़ी गाँव होते हुए हम बागेश्वर पहुँचते हैं जो कि बैजनाथ से मात्र 23 किलोमीटर की दूरी पर है.
                           बागेश्वर जिला मुख्यालय है. गोमती व सरयू नदी के तट पर निर्मित बागनाथ जी का मन्दिर यहाँ का मुख्य आकर्षण है. बागनाथ भगवान शंकर का ही एक रूप है. बागनाथ जी के नाम से ही इस जगह का नाम बागेशुर पड़ा, जो कालांतर में बागेश्वर हो गया. मन्दिर का मुख्य द्वार उत्तर दिशा में है जहाँ तक पहुँचने के लिए एक सात-आठ फीट चौड़ी सड़क से गुजरना होता है. इस सड़क के दोनों ओर पूजा प्रसाद और श्रृंगार सामग्री आदि का बाजार सजा रहता है. खूब चहल पहल है. कहीं होटल में बैठकर गाँव से आये स्त्री पुरुष जलेबी, समोसा खा रहे थे तो कहीं औरतें हाथो में रंग बिरंगी चूड़ियाँ पहन रही थी. मै पत्नी को बाजार से चूड़ी, बिंदी  खरीदने को कहता हूँ तो वह मुंह बिचका कर आगे बढ़ जाती है. मन्दिर के दक्षिण में गोमती नदी है और पूरब में सरयू. जिन पर स्नानघाट बनाया गया है और पास ही गोमती-सरयू का संगम है. सरयू का जलागम क्षेत्र अधिक होने के कारण इसमें गोमती की अपेक्षा अधिक जलराशि है। मकर सक्रांति को लगने वाला उत्तरायणी मेला बागेश्वर का ही नहीं पूरे कुमाऊँ का प्रसिद्द मेला है. जिसमे
उत्तरखंड की समृद्ध संस्कृति की झलक दिखाई देती है. सरयूं नदी के दोनों ओर बाजार सजता है. मै परिवार सहित मन्दिर के उत्तरी द्वार से प्रवेश करता हूँ. मन्दिर में इक्का दुक्का लोग दिखाई दे रहे थे. भीतर पूजा अर्चना के लिए पुजारी नहीं दिखाई देते हैं तो मै बाहर आता हूँ उसी वक्त एक स्त्री मन्दिर में आती है. मै उस पर गौर नहीं करता हूँ, सोचता हूँ  दर्शनार्थ आई होगी. मै परिवार सहित बाहर ही खड़ा रहा कि कोई पुजारी आयेंगे. तो वह कुमाउनी स्त्री आवाज लगाती है " आईये, आईये !" हम आश्चर्य करते हैं तो फिर वह कहती है -"आईये, मै ही पूजा कर देती हूँ. आज स्त्रियाँ जब हवाई जहाज तक चला रही है तो क्या मै मन्दिर में पूजा नहीं कर सकती? " रावल लोग ही इस मन्दिर के पुजारी हैं और व्यवस्था भी देखते हैं. लोक धारणा है कि यदि कभी सरयू बरसात में विकराल रूप धारण करती है तो मन्दिर का रावल सरयू पुल से कूद कर बागनाथ जी से विनाश को रोकने की प्रार्थना करता है और यह बागनाथ जी की ही महिमा है कि उफनती नदी में कूदे रावल भी बच जाते हैं और मन्दिर व बागेश्वर भी. पूजा से निवृत्त होकर हम सभी बाहर आकर दीवार के सहारे बैठ जाते हैं. बाहर एक पंडित जी फर्श पर पालथी मर कर बैठे हुए थे और गाँव के एक दम्पति को उनकी कुंडली में देखकर राहू, केतु, शनि की दशा और ग्रहों का योग समझा रहे थे, साथ ही निवारण की विधि भी.
धर्म कर्म में लीन पण्डित जी और चिन्तित यजमान 
                     उनकी ओर पीठ कर मै पत्नी से इस मन्दिर की ऊँचाई नजरों से नापने को कहता हूँ. सन 1450 में कुमाऊ के राजा लक्ष्मी चन्द द्वारा ग्रेनाईट व नीस पत्थरों से निर्मित और काष्ट छत्र वाला 90 फीट ऊंचा यह मन्दिर आज भी भव्य है, मन्दिर में पूजा कक्ष व बरामदा आकार में इतना बड़ा है कि एक साथ पचास से अधिक लोग खड़े होकर पूजा कर सकते हैं. मन्दिर के चारों ओर भी
सैकड़ों भक्त खड़े हो सकते हैं. मन्दिर थोड़ा बहुत मरम्मत व सफाई मांग रहा है. गोमती की घाटी सरयू की अपेक्षा कुछ संकरी है इसलिए आबादी सरयू के तट पर ज्यादा है. लेकिन दुखद यह है कि आबादी जिस क्षेत्र में बसी है वहां कभी धान की फसलें लहलहाती थी. घाटी में होने और समुद्र तल से ऊँचाई मात्र 1000 मीटर होने के कारण बागेश्वर में काफी गर्मी पड़ती है. माना जाता है कि बागेश्वर के पूरब और पश्चिम दिशा में भीलेश्वर व नीलेश्वर पर्वत हैं तो उत्तर दिशा में सूरज कुण्ड तथा  दक्षिण में अग्निकुंड अवस्थित है. घूमते हुए शाम हो गयी थी अतः आज यहीं रुकने के इरादे से होटल की तलाश शुरू करते हैं ताकि कल की यात्रा के लिए तरोताजा रह सकें.                                                                                                                                                                                      क्रमशः  - - - - -     

Friday, December 21, 2012

कुमाऊँ - 2 (कत्यूर घाटी का सौन्दर्य)

यात्रा संस्मरण  
हिमालय विलेज रिसोर्ट में चायबागान देखती बिमला रावत 
         कत्यूर घाटी का सौन्दर्य  मैदानी इलाके जून के अंतिम सप्ताह तक भी दहक रहे थे. ऐसे में रानीखेत और कौसानी जैसे हिल स्टेशन स्वर्गिक आनंद देते हैं. कौसानी से उत्तर की ओर चलने पर कुछ सर्पाकार मोड़ों के बाद हम चाय बगीचों के बीच से गुजरते हैं. हलकी ढलान लिए असिंचित सीढ़ीदार खेतों पर तैयार किये गए इन चाय के बगीचों के पार्श्व में देवदारु, बांज व चीड़ के जंगल मनमोहक लगते हैं. आज हमारी यात्रा थी कौसानी से बागेश्वर तक. सड़क के दोनों ओर ठेठ कुमाउनी काष्ट  कला के द्योतक सुन्दर मकानों वाले गाँव हैं. सड़क के दायीं तरफ नीचे ढलान की ओर एक क्राफ्ट सेंटर है. और कुछ आगे ही कौसानी से लगभग छ किलोमीटर दूरी पर बाईं ओर उत्तराखण्ड (कौसानी) टी एस्टेट है और उसके मध्य है टी फैक्ट्री. पास ही सड़क किनारे एक दुकान पर हम गए तो वहां पर फैक्ट्री की चाय अलग-अलग वैरायटी व अलग-अलग वजन के पैकेट में बिक रही थी. अच्छी लगी तो एक पैकेट मैंने भी ले लिया 'गिरियास टी' ब्रांड के नाम से. तुलनात्मक तौर पर देखा जाय तो अयारतोली चाय बगीचा यहाँ पर सबसे बड़ा है. चाय बगीचों का इतिहास उत्तराखण्ड में काफी पुराना है. माना जाता है कि गढ़वाल, कुमाऊँ की पहाड़ियों में चाय बागान लगाने की शुरुआत ब्रिटिश शासकों द्वारा सन 1836 में शुरू की गयी. डैंसी, व्हीलर आदि प्रमुख अंग्रेज अफसर थे जिन्हें यह श्रेय जाता है. ब्रिटिश शासन काल अर्थात बीसवीं सदी के मध्य तक उत्तराखण्ड में आठ हजार हेक्टेअर भूभाग में चाय बागान थे जो कि सदी के अंतिम दशक तक मात्र पांच सौ हेक्टेअर तक ही रह गए. 
                      गर्मियों की सुबह कौसानी के आँचल में हो तो फिर क्या कहना. बदलियां पिछली शाम से ही आशमान में दिखाई दे रही थी. किन्तु बरसने की उम्मीद बाकी थी. धीरे धीरे आगे बढ़ते हैं. हलकी ढलान ख़त्म होती है और समतल भूभाग में हमारी गाड़ी सरपट दौड़ रही है कि गरुड़ कस्बे में पहुचते हूँ. सन 2003 में गरुड़ में दो दिन रुका था किसी काम के सिलसिले में. नौ साल में काफी कुछ बदल जाता है. स्वतंत्रता पूर्व गरुड़ मण्डी हुआ करती थी. ग्वालदम, चमोली, बागेश्वर और सम्पूर्ण कत्यूर घाटी क्षेत्र के लिए। छोटे व्यापारी यहीं से माल खरीदकर खच्चरों में लाद कर ले जाते थे. आज आवागमन के साधन अच्छे हो गए, जिससे सामान मैदानी क्षेत्रों की मंडियों से सीधे छोटे दुकानदारों तक पहुच रहा है. तथापि आज भी गरुड़ में छोटी गाड़ियों और खच्चरों में सामान ढोते हुए देखा जा सकता हैं. (वर्तमान में गरुड़ बागेश्वर जिले की एक तहसील है) परन्तु जैसे कि नगरों-महानगरों में अतिक्रमण और अनुशासनहीनता की स्थिति है, वह गरुड़ में भी
गरुड़ गंगा व बैजनाथ का विहंगम दृश्य 
है. सड़कें अतिक्रमण के कारण संकरी हो रही है और लोगों ने जहाँ तहां गाड़ियाँ खड़ी कर जनता को परेशान करने का जैसे मन बना रखा हो. कभी रेंगते और कभी दौड़ाते हमारे चालक महोदय गाड़ी को गरुड़ से बाहर निकाल लेते हैं. और शीघ्र ही हम दो कि0मी0 दूर ऐतिहासिक स्थल बैजनाथ पहुँचते हैं.
                गोमती नदी के बाएं तट पर स्थित यह मन्दिर समूह उत्तराखण्ड के इतिहास में प्रमुख स्थान रखता है. माना जाता है कि कत्यूर शासकों द्वारा आठवीं शताब्दी में राजधानी कार्तिकेयपुर (जोशीमठ) से बैजनाथ स्थानांतरित की गयी. यहाँ पर नागर शैली में निर्मित मुख्य मन्दिर शिव को समर्पित होने के साथ साथ सत्रह और मन्दिर हैं. जो विभिन्न पौराणिक देवी देवताओं - सूर्य, चंडिका, ब्रह्मा, गणेश, पार्वती, कुबेर आदि को समर्पित है. मुख्य मन्दिर का शिखर भाग ध्वस्त होने के कारण वर्तमान में धातु की चादर से तैयार किया गया है. इतिहासकार कत्यूरी राजाओं द्वारा निर्मित इन मंदिरों का निर्माण काल नौवीं से बारहवीं शताब्दी के मध्य मानते हैं। बार-बार कुमाऊं पर गोरखों और रुहेलों द्वारा आक्रमण करने और मन्दिरों को क्षति पहुँचाने के कारण मन्दिर आज मूल स्वरुप में ही है, संदेह है। राष्ट्रीय धरोहर होने के कारण यह मन्दिर समूह आज भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा अधिगृहित है. मन्दिर से नदी में उतरने के लिए पत्थरों की सीढियां बनी हुयी है जो कि एक कत्यूरी महारानी द्वारा तैयार करवाई गयी. यहाँ शिव मन्दिर की मान्यता इसलिए भी अधिक है कि हिन्दू धर्म ग्रंथों के अनुसार भगवान शिव और माँ पार्वती का विवाह यहीं गोमती व गरुड़ गंगा के संगम तट पर संपन्न हुआ था. बैजनाथ मन्दिर भगवान शिव को समर्पित है. क्योंकि शिव को ही वैद्यनाथ अर्थात कायिक विज्ञान का ज्ञाता माना जाता है. श्रृद्धालुओं को यह शांत व साफ़ सुथरा देवस्थान अधिक भाता है तभी हर वक्त भक्तों की भीड़ लगी रहती है. माँ पार्वती की आदमकद मूर्ति और उसके सामने ही शिवलिंग की स्थापना होने से यहाँ का महत्व और भी बढ़ जाता है. पास ही नदी के किनारे पानी को रोककर तालाब का रूप दे दिया गया है, जिससे उसमे काफी महाशीर मछलियाँ कलाबाजियां कर रही थी. हमारे चालक राणा जी मछलियों के बड़े शौक़ीन हैं, देखकर उनके मुंह में पानी आ जाता है. हिन्दू धर्मशास्त्र विष्णु पुराण में भगवान विष्णु के चौबीस अवतारों में से एक "मत्स्य अवतार" भी हैं. शायद इसलिए आस्तिक लोग पास से ही चने व मूंगफली के दाने खरीद कर मछलियों को खिला रहे थे.
                        समुद्रतल से लगभग 1130 मीटर ऊँचाई पर स्थित बैजनाथ का पौराणिक व ऐतिहासिक महत्व
बैजनाथ मन्दिर समूह 
समान रूप से है. कत्यूरी शासन काल में प्रायः जितने भी मन्दिर बने उनकी निर्माण शैली और पत्थरों की प्रकृति एक ही है. केदारनाथ, पांडुकेश्वर मन्दिर हो या  बैजनाथ, द्वाराहाट व जागेश्वर मन्दिर समूह. जैन मन्दिर, दक्षिण भारतीय स्थापत्य कला व कांगड़ा शैली से हटकर मन्दिर निर्माण की जो शैली विकसित हुयी वह कत्यूरी  शैली कहलाई. कत्यूरी शासन काल स्थापत्य कला के लिए आज भी प्रसिद्द है. इस शासन काल में Architect ही नहीं अपितु structural इंजिनियर और माइनिंग इंजिनियर की प्रवीणता का मूल्यांकन इसी बात से किया जा सकता है कि उन्होंने नीस पत्थरों (Gneiss-Metamorphic Rock Types)  की खोज की, उनकी 10-12" मोटी व 3 से 6 फीट लम्बी लम्बी स्लैब बनवाकर तैयार करवाई और निर्माण स्थल तक पहुंचा कर एक अनूठी शैली के मन्दिर बनवाए.  सैकड़ों सालों में इस उच्च हिमालयी क्षेत्र में न जाने कितने भूकम्प इन मन्दिरों ने झेले होंगे किन्तु कहीं कोई क्षति नही।
                      ऐतिहासिक काल से ही उत्तराखण्ड की भौगोलिक सीमायें पूर्व में काली नदी, पश्चिम में यमुना की सहायक टोंस नदी, दक्षिण में तराई-भाबर व टनकपुर का क्षेत्र तथा उत्तर में तिब्बत (चीन) तक विस्तार लिए हुए था. इतिहासकारों व पुरातत्वविदों के अनुसार उत्तराखण्ड में दूसरी शताब्दी से पांचवीं शताब्दी के मध्य तक कुणिन्द वंश का साम्राज्य रहा है. कुणिन्द शासकों की ही एक शाखा कत्यूरे हुए, ऐसा माना जाता है, जिसके
माँ पार्वती की मूर्ती और सम्मुख शिवलिंग
संस्थापक वासुदेव कत्यूरी हुए. कत्यूरों में मुख्य राजा बिरमदेव (ब्रह्मदेव) हुए. समुद्रगुप्त के इलाहाबाद प्रशस्ति अभिलेख के अनुसार चौथी शताब्दी में उत्तराखण्ड कार्तिकेयपुर के नाम से जाना जाता था. तदनंतर उत्तराखण्ड ब्रह्मपुर के नाम से भी जाना गया. (संभवतः राजा ब्रह्मदेव के कारण) चीनी यात्री व्हेनसांग की सातवीं शताब्दी के यात्रा वर्णन में यह उल्लेख है. सातवीं सदी से बारहवीं सदी तक उत्तराखंड ही नहीं पश्चिमी नेपाल तक कत्यूरों का साम्राज्य रहा. कत्यूरी शासनकाल स्वर्णिम युग माना जाता है। किन्तु बारहवीं सदी के अंत में नेपाल के मल्ल शासकों द्वारा कत्यूरों को पराजित कर इस क्षेत्र पर अधिकार पा लिया गया. उन्होंने लगभग चौबीस वर्षों तक शासन किया. कालांतर में कत्यूरी शासन छोटी छोटी रियासतों में बंट गया और वे स्वतंत्र रूप से शासन करने लगे. कत्यूरी शासक असंगठित रहने व धीरे धीरे उनका प्रभाव कम होने के कारण गढ़वाल में पंवार व कुमाऊँ में चन्द राजवंशों का उदय हुआ. जिनका शासन अठाहरवीं सदी के अंत तक रहा. असकोट, डोरी, पाली व पछाऊँ में जो छोटे छोटे रजवाड़े रहे उनके क्षत्रप अपने को आज भी कत्यूरी वंशज बताते है।                                                                                                     
                                                                                                क्रमशः ......................... 
                        

Wednesday, December 12, 2012

कुमाऊँ - देहरादून, रामनगर से रानीखेत

देहरादून  - किसकी नजर लग गयी इस सुन्दरता को 
यात्रा संस्मरण          
         मौसम विभाग भविष्यवाणी कर चुका था कि इस वर्ष मानसून देर से आएगा. फिर कुछ दिनों बाद मौसम विभाग ने पुनः घोषणा की कि मानसून भटक चुका है और अब और देर से आएगा. दून घाटी में बारिस प्रायः मई के दूसरे, कभी तीसरे हफ्ते तक हो जाती है पर इस बार मई पूरा सूखा बीता ही और जून के दो हफ्ते भी बारिस के इन्तजार में बीत गए. ऊपर से बिजली कटौती अलग से. इतनी गर्मी पहले कभी देहरादून में झेली हो याद नहीं. पत्नी बिमला और बेटी नन्दा दोनों जोर दे रहे थे कि चलो कहीं चलते हैं पहाड़ों में. मैंने कहा हमारा बेटा भी तो सहारनपुर की गर्मी झेल रहा है, तो ? बेटे को फोन किया तो उसे छुट्टी नहीं मिली और फिर कुमाऊँ चलने का मन बनाया. मेरी माँ जब तक जीवित रही तब तक उसके पास गाँव चले जाते थे. किन्तु पिछले साल कैंसर ग्रस्त होने के कारण यहीं मेरे पास ही उसकी मृत्यु हो गयी तो अब गाँव के बन्द पड़े घर में जाने का मन नहीं करता. उत्तराखण्ड राज्य बनने के बाद देहरादून राजधानी बनी तो इस शहर का अमन चैन ही समाप्त हो गया. बदलाव लोगों के आचार व्यवहार में तो आया ही किन्तु मौसम के मिजाज में भी बदलाव आ गया. देहरादून बदलाव के इन हालातों को प्रसिद्द जनकवि चन्दन सिंह नेगी जी से अधिक सुन्दर शब्दों में कौन बयां कर सकता है.
ये कैसी राजधानी है! ये कैसी राजधानी है!!  हवा में जहर घुलता औ' जहरीला सा पानी है !!!

कहाँ तो साँझ होते ही शहर में नींद सोती थी, कहाँ अब 'शाम होती है' ये कहना बेमानी है !!
मुखौटों का शहर है ये ज़रा बच के निकलना तुम, बुढ़ापा बाल रंगता है ये कैसी जवानी है !!
शहर में पेड़ लीची के बहुत सहमे हुए से हैं, सुना है एक 'बिल्डर' को दुनिया नयी बसानी है !!
न चावल है, न चूना है, न बागों में बहारें है, वो देहरादून तो गम है फ़क़त रश्मे निभानी है !!
महानगरी 'कल्चर' ने बदल डाला सबकुछ, इक घण्टाघर पुराना है औ' कुछ यादें पुरानी है !! 

ये कैसी राजधानी है .......!
चिलचिलाती धुप में माँ गिरिजा देवी के दर्शनार्थ भक्तों की भीड़ 
                   देहरादून से 18 जून को ही मुंह अँधेरे निकल पड़े, हरिद्वार, नजीबाबाद, काशीपुर होते हुए लगभग 240 कि०मी० दूरी तय कर रामनगर पहुंचे. फुटहिल्स में बसा लीची और आम के बगीचों के लिए प्रसिद्द यह नगर जिला नैनीताल की तहसील है और विश्व विख्यात टाइगर प्रोजक्ट जिम कार्बेट नैशनल पार्क के लिए प्रवेश द्वार भी. रामनगर से एक सड़क पूरब में काला ढून्गी होते हुए हल्द्वानी/नैनीताल को है. उत्तर में रानीखेत व धूमाकोट को चली जाती है तो पश्चिम में कालागढ़ होते हुए कोटद्वार को. रामनगर रेललाइन से भी जुड़ा हुआ है. रामनगर से ही पौड़ी व अल्मोड़ा के पहाड़ी क्षेत्रों के लिए फल, सब्जी, अनाज आदि सप्लाई होता है. रामनगर मैं सन 2006 में भी आया था किन्तु तब मेरे साथ चालक स्थानीय था इसलिए कुछ ढूँढने में दिक्कत नहीं हुयी. किन्तु आज चालक राणा जी इस क्षेत्र से अन्जान थे इसलिए नाश्ता करने के लिए सही होटल की तलाश की जा रही थी. सुबह के दस बज चुके और अभी तक नाश्ता भी नहीं कर पाए थे. कुमाऊँ मंडल विकास निगम का पर्यटन आवास गृह दिखाई दिया. जाकर फटाफट परांठे तैयार करवाए और दही के साथ दो-दो परांठे हम चारों ने ले लिए. गाड़ी में पेट्रोल चेक किया और निश्चिन्त होकर आगे बढ़ गए.
भीषण गर्मी में कोसी में नहाते माँ गिरिजा देवी के भक्त 

                      रामनगर से धीरे धीरे हम चढ़ाई चढ़ते हैं. और फिर घने पेड़ों के बीच समतल भूभाग से गुजर रही साफ़ सुथरी सड़क पर गाड़ी सरपट दौड़ती जाती है. कोसी नदी के दायें तट पर यह ढिकुली क्षेत्र कभी बसासत वाला भूभाग था. कुछ लोग इसे महाभारत कालीन विराट नगरी मानते हैं, जहाँ पर पाण्डव अज्ञातवास के दौरान रहे. कुछ इसे कत्यूरों की राजधानी भी मानते हैं. कुछ विद्वान जन अल्मोड़ा में चन्द शासनकाल के दौरान ढिकुली को शीतकालीन राजधानी मानते हैं. क्षेत्र में देखे जाने वाले प्राचीन खंडहर की ईंटें और समय समय पर प्राप्त होने वाली मूर्तियाँ इस ओर इशारा भी करती है. वर्तमान में जिम कार्बेट नैशनल पार्क के निकट होने के कारण ढिकुली एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है जहाँ पर अनेक होटल, रिसोर्ट आदि बन गए हैं. यहाँ पर आबादी ठीक-ठाक होने के कारण एक इंटर कालेज है और बिजली, पानी के आफिस आदि अन्य आवश्यक जन सुविधाएँ भी. तथा काफी संख्या में बाग़ बगीचे भी हैं. ढिकुली से मात्र तीन कि०मी० आगे रानीखेत मार्ग पर (रामनगर से 11 कि०मी०) कोसी नदी के बीचों-बीच है जनआस्था का केन्द्र माँ गर्जिया देवी का मन्दिर. पौराणिक ग्रंथों के अनुसार राजा दक्ष प्रजापति की पुत्री सती का विवाह हुआ था भगवान शिव के साथ. राजा दक्ष द्वारा आयोजित यज्ञ में अपने पति शंकर को न बुलाये जाने पर सती रुष्ट हो गयी और अपमानित महसूस कर यज्ञ के हवन कुण्ड में ही अपने प्राणों की आहुति दे दी. जिससे क्षुब्ध होकर भगवान शंकर ने तांडव नृत्य करते हुए संहार किया था. फिर सती ने गिरिराज हिमालय की पुत्री के रूप में जन्म लिया. गिरिराज की पुत्री होने के कारण वह गौरा या गिरिजा भी. इनके नाम से ही यह मन्दिर है यह कोसी नदी के बीचों बीच. किन्तु यह गिरिजा जी इस क्षेत्र में गर्जिया देवी नाम से ज्यादा विख्यात है. ऐसा माना जाता है कि माँ के इस मन्दिर में प्रायः शेर आया करते हैं (जो कि गिरिजा की सवारी भी है) और गर्जना करते हैं जिससे इस मन्दिर का नाम गर्जिया देवी पड़ गया.                        उत्तर-दक्षिण बह रही कोसी नदी के मध्य एक समकोण त्रिभुज की आकृति से मिलता जुलता चालीस-पैंतालीस फीट ऊंचा टीला खड़ा है, जो कि मिट्टी, बजरी व छोटे-छोटे गोल पत्थरों के मिश्रण से बना हुआ है। जिसकी टेकरी पर निर्मित है एक छोटा सा मन्दिर. इस समकोण त्रिभुजनुमा टीले के कर्ण पर ऊपर चढ़ने के लिए सीढियां बना दी गयी है. किवदंती है कि यह टीला कहीं ऊपर कोसी नदी का कोई हिस्सा टूटकर यहाँ तक आया. परन्तु देखकर ऐसा नहीं लगता. यह अवश्य हो सकता है कि कभी यह टीला कोसी नदी का बायाँ या संभवतः दायाँ किनारा रहा होगा और किसी बरसात में नदी के कटाव के कारण यह भूभाग अलग हो गया और नदी के बहाव के कारण हर साल यह दोनों ओर से कटने लगा, जब तक कि इसके चारों ओर एक मजबूत 'फ्लड प्रोटेक्सन वाल' नहीं बनाई गयी. यह तो निश्चित है कि टीले का यह स्वरुप दस-बीस वर्षों में नहीं अपितु सैकड़ों वर्षों में तैयार हुआ होगा. यह जनआस्था का केंद्र कब बना यह ठीक-ठीक ज्ञात नहीं है किन्तु यह माना जाता है कि रानीखेत से रामनगर आने जाने वाले लोग जब टीले के इस स्वरुप से आकृषित होकर टीले पर जाते थे तो चारों ओर घने जंगल और टीले के दोनों और नदी की जलधाराएं देखकर अभिभूत होते थे। जो शनै-शनै आस्था में परिवर्तित होने लगी।  सन 1941 से रानीखेत निवासी रामकृष्ण पांडे विधिवत रूप से इस टीले पर बने मन्दिर में पूजा आराधना करने लगे और धीरे धीरे मन्दिर व देवी माँ की ख्याति दूर दूर तक फैलने लगी.तब से पांडे जी के वंशज ही इस मन्दिर के पुजारी नियुक्त हैं. आज मन्दिर जाने के लिए टीले पर सीढियां बनी हुयी है, कोसी नदी पर पुल तथा नदी के दायें तट पर एक विशाल धर्मशाला और एक बाजार भी बन गया है. प्रतिदिन सैकड़ों तीर्थयात्री देवी के दर्शनार्थ आते हैं. कुमाऊँ की सीमा उत्तर में गिरिराज हिमालय, पूरब में विशाल काली
माँ गिरिजा की शरण में मै और मेरा परिवार 
नदी द्वारा सुरक्षित है तो दक्षिण-पश्चिमी सीमा माँ गिरिजा और दक्षिण-पूर्वी सीमा माँ पूर्णागिरी देवी द्वारा सुरक्षित है.
                       माँ गिरिजा देवी को प्रणाम कर कोसी नदी की विपरीत दिशा में दायें तट के साथ-साथ चढ़ाई चढ़ते हुए इस मार्ग पर आगे बढ़ते हैं. घने जंगलों के बीच से गुजरते हुए अच्छा लगता है किन्तु आबादी विहीन होने के कारण एक सूनापन खलता है. सोरल में कुछ देर सुस्ता कर व चाय पीकर फिर आगे चलने के लिए तैयार हो जाते हैं. यहाँ टोटम, खायोधार गाँव में आबादी थोड़ी बहुत दिखती है. रास्ता निरंतर चढ़ाई वाला है और सोचता हूँ ब्रिटिश साम्राज्य द्वारा जब 1869 में रानीखेत में रेजिमेंट का हेडक्वार्टर बनाया गया होगा तो इस मार्ग की स्थिति कैसी रही होगी.   
                                                                                                                                  क्रमशः .............   

Thursday, November 15, 2012

अद्भुत, अनुपम सौन्दर्य है रेणुका जी का


गिरी नदी का विहंगम दृश्य 
     देहरादून जिले का शिवालिक पहाड़ी व हिमालय के मध्य वाला भाग दून वैली के नाम से विख्यात है। दून वैली की पूर्वी सीमा गंगा नदी है और पश्चिमी सीमा यमुना तथा टोंस नदी।  दो-तीन महीनों से देहरादून के बाहर नहीं निकल पाया था। छटपटाहट थी मन में। एक दो दोस्तों को फोन किया, किन्तु हर कोई इतना व्यस्त कि ‘‘घूमने’’ जैसे शब्द वे सुनना भी पसन्द नहीं करते। फिर गुरुदेव की कविता याद आयी-
‘‘जदि तोर डाक सूने केउ ना आसे,
 तोबे ऐकला चलो रे,
 ऐकला चलो  ऐकला चलो  ऐकला चलो रे।.............’’

      अतः ‘ऐकला चलो’ की नीति पर हिमाचल में रेणुका जी घूमने निकल गया। शिमला, कुलू, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी जैसे अनेक दर्शनीय स्थलों तथा बागवानी व भेड़पालन के लिये विख्यात हिमाचल प्रदेश के दक्षिण-पूर्व में सिरमौर जिला है। कभी सिरमौर एक स्वतंत्र रियासत थी। प्रकृति प्रेमी राजा करण प्रकाश ने सन् 1621 में समुद्रतल से लगभग 930 मीटर ऊँचाई वाली कछुये जैसी पहाड़ी पर इस राज्य का मुख्यालय नाहन बसाया, जो आज भी सिरमौर का मुख्यालय है। सन् 1803 में गोरखों ने गढवाल व कुमाऊँ के साथ-साथ सिरमौर को भी अपने कब्जे में ले लिया था जो कि बारह वर्षों तक उनके अधीन रहा। सन् 1815 में अंग्रेजों के साथ सिंघौली की सन्धि के उपरान्त ही गढ़वाल, कुमाऊँ सहित सिरमौर रियासत भी गोरखों के अत्याचार से मुक्त हो पायी थी। तत्पश्चात सिरमौर रियासत औपनिवेशिक राज्य बना। स्वतन्त्रतोत्तर भारत में सरदार बल्लभ भाई पटेल की पहल पर 565 रियासतों का विलय भारतीय गणराज्य में हुआ, सिरमौर रियासत भी उनमें एक थी।
 रेणुका जी के निकट पथ प्रदर्शक 
       यमुना के दायें तट पर बसा हुआ पावंटा साहिब एक चहल पहल वाला नगर है, जो सिरमौर का हिस्सा है। पावंटा साहिब देहरादून के पश्चिम में 55 कि0मी0 तथा चण्डीगढ़ से 95 कि0मी0 पूरब में स्थित है। रेणुका जी के लिये पावंटा से सतौन होते हुये तथा नाहन से भी नियमित बस सेवा है। गिरी नदी, जो कि सिरमौर जिले को ठीक मध्य से दो समान भागों में विभक्त करती है, पार कर दो पहाड़ियों के बीच में आधा कि0मी लम्बा समतल भूभाग में मेला मैदान है।कुछ आगे लगभग चार सौ मीटर परिधि वाला एक परशुराम ताल विकसित किया गया है। इस कुण्ड के सिरे पर ही माँ रेणुका जी का भव्य मन्दिर है। आगे बढते हैं तो जमदग्नि टीला व धार गावं की पहाड़ी के मध्य स्थित है गुब्बारे के आकार वाली प्राकृतिक रेणुका झील।  जो लगभग डेढ़ कि0मी0 लम्बी और औसतन दो सौ मीटर चौड़ी है। झील के चारों ओर हरा-भरा घना जंगल है । घना जंगल होने के कारण हमें तरह तरह की चिड़ियाओं व जंगली जानवरों की मनमोहक गूंजें सुनायी देती है। झील की परिक्रमा के लिये एक पक्की सड़क है। परिक्रमा करते हुये मैने देखा कि कुछ श्रृद्धालु लोग सड़क की रिटेनिंग वाल के ऊपर छोटे छोटे चार-पांच पत्थरों को एक के ऊपर एक करके रख रहे थे। बचपन में हम ऐसे ही पांच पत्थरों को एक के ऊपर एक रखकर क्रिकेट की बॉल जितनी रबर की गेंद से खेला करते थे, जिसे ‘पंचपथरी’ खेल कहा जाता है। श्रृद्धालु से पूछा तो  बताया कि जो इन पत्थरों को गिरायेगा हमारा सारा दुःख उस व्यक्ति पर लग जायेगा और हम दुःखों से मुक्त हो जायेंगे। 
रेणुका जी का भव्य मन्दिर 
      झील के दायीं ओर आश्रम है व कुछ मन्दिर भी। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिये हिरन, रीछ, शेर, मिथुन इत्यादि जानवर अलग अलग स्वतन्त्र बाड़े बनाकर यहां रखे गये हैं। झील में महाशीर मछलियां बहुतायत में है और पर्यटक व भक्त मछलियों को दाना डालते हैं। बोटिंग की पूरी सुविधा है अतः एकान्तचाहने वाले प्रेमियों को यह शान्त व रमणीक जगह खूब पसन्द आती है। ठहरने के लिये घने जंगलों के बीच हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग का यहां पर एक बड़ा सा गेस्ट हाऊस है और मात्र डेढ कि0मी0 दूर ददाहु नगर में अनेक होटल हैं।  
       पुराणों के अनुसार रेणुका जी नामक यह तीर्थस्थल भगवान परशुराम जी की जन्मस्थली है। परशुराम भगवान विष्णु के अवतार थे। ऋषि जमदग्नि और भगवती रेणुका के पुत्र के रूप में जन्में परशुराम का बचपन का नाम राम था। राम ने शस्त्र संचालन भगवान शिव से सीखा और राम की भक्ति और शौर्य से प्रसन्न होकर भगवान शंकर ने राम को परशा भेंट किया। दन्तकथा है कि जमदग्नि ऋषि की कामधेनु गाय व पत्नी रेणुका प्राप्ति के लिये राजा सहस्रबाहु ने ऋषि जमदग्नि की हत्या कर दी। अपनी लाज की रक्षार्थ व शोक से व्याकुल होकर भगवती रेणुका ने रामसरोवर में जलसमाधि ले ली। वयस्क होने पर राम को जब यह पता चला तो उन्होंने फरसे से सहस्रबाहु व उसकी सेना का संहार कर दिया। शासन व्यवस्था बिगड़ने पर उन्होंने इक्कीस बार भ्रष्ट शासकों का वध किया। तभी से वे परशुराम कहलाये जाने लगे। परशुराम ने तपोबल से माँ रेणुका जी को 
झील का मनोहारी दृश्य 
बुलाया। माँ रेणुका ने परशुराम को वचन दिया कि प्रतिवर्ष देवप्रवोधिनी एकादशी पर वह सरोवर से बाहर आयेगी और मुक्त भाव से सभी को दर्शन देगी। इतना कहकर माँ अन्तर्धान हो गयी।
तभी से रामसरोवर रेणुका झील कहलाने लगी और रेणुका जी के दर्शनार्थ प्रतिवर्ष देवप्रवोधिनी ( कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष में) एकादशी को झील के निकट लाखों भक्त एकत्रित होते हैं। इस अवसर पर रेणुका विकास बोर्ड, सिरमौर, द्वारा इस अवसर पर दशमी से पूर्णिमा तक, पांच दिन मेला आयोजित किया जाता है।  श्रृद्धालु झील में स्नान कर पूजा अर्चना करते हैं । मेला मैदान में सांस्कृतिक आयोजन के अन्तर्गत हिमाचल प्रदेश की लोक संस्कृति की झलक दिखायी देती है। जिसमें राज्य ही नहीं पूरे देश भर के संस्कृति प्रेमी भाग लेते हैं।

Thursday, September 06, 2012

कविता के नाम पर !


पर्यावरण !
हरियाली कागजों में
ताजगी भाषणों में
और जमीं पर सिर्फ
दूषित वातावरण !! 

एन जी ओ !
देश समाज के नाम पर
चतुर विद्वान लोगों द्वारा
सरकारी धन हड़पने का
राजनीतिक सीनारियो !!

नौकरी !
दो रोटी का जुगाड़ गरीबों को
रौब-दाब समाज में सबलों को
चोरों को कमाने का साधन औ' शरीफों को
बस चाकरी !! 

प्यार !
पुल - दो विरोधी हालात के बीच
सफल तो जिंदगी गुलज़ार
हुए असफल तो जीवन भर
जीना दुश्वार !!

रिश्ते !
ता-उम्र निभाने के फेर में
भावनाएं दोहन के खेल में
फायदा उठाते शातिर और
सीधे पिसते !!

Monday, August 20, 2012

चुनाव

नव हस्ताक्षर    डाo प्रीतम नेगी 'अपछ्याण' हिंदी साहित्य जगत के उन उभरते हुए साहित्यकारों में से हैं जिन्होंने कम समय में ही अपनी पहचान कायम कर ली है. प्रीतम यद्यपि मूल रूप से कवि हैं किन्तु लोकसंस्कृति, समसामयिक और सामजिक अव्यवस्था के खिलाफ लिखने से भी कभी नहीं चूकते. वे हिंदी व गढ़वाली भाषा में समान रूप से सभी विधाओं पर जम कर लिख रहे हैं. उत्तराखण्ड के लेखकों में डाo प्रीतम अपछ्याण आज एक जाना पहचाना नाम है. पर्यावरण विज्ञान में मास्टर डिग्री धारक प्रीतम की पकड़ साहित्य में उतनी ही है जितनी कि पर्यावरण के क्षेत्र में. अब तक उनके तीन कविता संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं. पहाड़ की भौगोलिक विषमता व विकट जीवन संघर्ष ही नहीं अपितु व्यवस्था की जड़ता भी कवि के लिए भावभूमि का काम करती है. यह कविता उनके सद्ध्य प्रकाशित कविता संग्रह "  ध्वनियों के शिखर "  से  है.

चुनाव नेतागिरी की पाठशाला है
समता समानता का वरदान पाया
हमारा यह जालिम युग
नेता प्रसूत लोकतंत्र
प्लेटों में सजा कर लाता है नेता.

कभी पुरुष, कभी स्त्री वेश में
हर जन्म नेता का जन्म है
हर पंजीकरण भावी नेता का प्रमाण-पत्र
अब जनता नहीं जनती नेता
नेता जन रहा वैध-अवैध जनता को.

चुनाव का न्यायिक चेहरा
ढक देता नेता के करम
विवेकशून्य जनता के भरम
पुरुष नेतृत्वहीन हो गए
सो औरतें पा गयी नेता आरक्षण.

लोकतंत्र व चुनाव वैसे ही हैं
नेता का महिला अवतार हो गया
ठीक उसी लीक पर अब भी
समता समानता की ढाल ताने चुनावी वाण बरसाते
आक्रमणकारी जैसे आते हैं नेता
पिछली फसल के बचे खुचे पौधों जैसे
कुछेक जनता रुपी वोटर
पचा नहीं पाए इस नए अवतार को
भ्रमित हो गए मन कोमा में गयी बुद्धि
अब न सोचती है न समझती है.

चालाक पुरुष
औरतों को घेर कर नेता बन रहे हैं
और चालाक औरतें
सशर्त गर्भवती हो रही हैं,
नेता जनना है तो ठीक
इंसान हम नहीं जनेगी.

Friday, August 03, 2012

पीतल का भगौना

                                              रामस्वरूप सिंह रौन्छेला 'सरूप'
                        रौन्छेला जी जाना पहचाना नाम भले ही नहीं है, किन्तु गुमनाम भी नहीं. मुंशी प्रेमचंद की भाँती रौन्छेला जी की कहानियों के पात्र व परिवेश पूर्णतः ग्रामीण है. भाषा व शब्दावली सरल तथा गेय है. उत्तराखंड के गाँव, समाज व नारी पीड़ा का वर्णन उनकी कहानियों में बखूबी हुआ है. कहानी पढ़ते हुए लगता है जैसे हम घटना को सामने घटित होते हुए देख रहे हों. वर्ष 1996 में प्रकाशित नौ आंचलिक कहानियों का उनका कथा संग्रह "  तारों की छांव  "   हमारी सांस्कृतिक धरोहर है. मसूरी में निवास कर रहे रौन्छेला जी तिरानबे वर्ष की आयु में भी एक सजग साहित्यकार हैं. अस्वस्थता के बावजूद आज साहित्य के प्रति उनकी रूचि व उत्सुकता में कोई कमी नहीं आयी है. प्रस्तुत कहानी उनकी कथा शैली व शिल्प की बानगी है.  
                        हमारे गाँव में ठग्गू भाई और दिलासू भाभी की लड़ाई एक कहावत बन गयी थी. गाँव में जब भी किसी घर में झगडा होता तो उनका नाम अवश्य आता. लड़ाई-झगड़े तो प्रायः हर घर में कभी कभार होते ही हैं. पति-पत्नी, सास-बहू, देवरानी-जेठानी हो या फिर ननद भाभी का झगड़ा. परन्तु ये झगड़े जैसे शुरू होते हैं वैसे ही ख़त्म भी होते हैं. सुबह का झगड़ा शाम तक और शाम का सुबह तक. उसके बाद सब कुछ सामान्य. न किसी के माथे पर शिकन और न किसी के ओंठों पर खिंचाव. जैसे कुछ हुआ ही न हो. किन्तु दिलासु भाभी और ठग्गू भाई अपवाद थे. झगड़ते तो एक-दो दिन नहीं, हफ़्तों तक ही एक-दूसरे से बात नहीं करते. कोई नहीं बोलता. घर का काम काज संकेतों में होता या फिर अपने-अपने विवेक से. अक्सर थक हार कर ठग्गू भाई को ही सुलह करनी पड़ती. 
                     कई दिनों बाद मै नौकरी से लौटा तो श्रीमती जी ने ठग्गू भाई और दिलासू भाभी के झगड़े की बात सुना दी. सुनकर बहुत दुःख हुआ. सोचा अभी जाकर उनको फटकार दूं. फिर गुस्से में जाना ठीक नहीं सोचकर कल पर टाल दिया. दूसरे दिन ठग्गू भाई के घर जा पहुंचा। उनका घर हमारे घर के पास ही था। ठग्गू भाई घर पर ही मिल गया, वह बरामदे में बैठा तम्बाखू पी रहा था. देखते ही कहने लगा; "आ सरूप ! बैठ, तम्बाखू पी"   कहकर हुक्का मेरी ओर सरका दिया। वह कुछ गंभीर दिखाई दे रहा था. मै इधर उधर की बातें करने लगा। लड़ाई की बात मैंने जानबूझकर नहीं की। दिलासू भाभी कहीं दिखाई नहीं दे रही थी तो मैंने पूछ ही लिया," भाभी नहीं दिखाई दे रही, क्या कहीं गयी हैं क्या ? "    ठग्गू भाई पहले तो चुप रहा फिर आँख के इशारे से बताया कि वह रसोई में है। मैंने जोर से पुकारकर भाभी को नमस्कार किया और कहा "आज आप अन्दर चुपचाप बैठी हो, क्या बात है ?"    भाभी ने अन्दर रसोई में से ही कहा- "देवर जी, तुम बाहर क्या कर रहे हो, भीतर आ जाओ."    भीतर रसोई में गया तो भाभी को देखकर मुझे अनायास ही हंसी आ गयी। वह भी मुस्करा दी। शायद उसे इस बात का अहसास हो गया था कि मुझे उनकी लड़ाई का पता चल चूका है। चूल्हे से सब्जी उतारकर कहने लगी " बैठो, मै तुम्हारे लिए अभी चाय बनाती हूँ."    चाय बनाकर एक गिलास उसने मुझे पकडाया और दूसरा बाहर ठग्गू भाई को देने का इशारा किया। ठग्गू भाई को चाय देकर मै भीतर भाभी के पास बैठ गया और पूछा कि उसने तो अपने लिए चाय बचाई ही नहीं तो भाभी का जबाव था कि वह ज्यादा चाय नहीं पीती। मै चाय पीते-पीते उसके चेहरे का भाव पढने की कोशिश करने लगा. किन्तु उसके चेहरे पर तैरती सरलता से लगा कि वह रोज-रोज के झगडे की अभ्यस्त हो चुकी है।
                          एक दिन गाँव में बैलों का एक ब्यापारी आया। लड़कों को शरारत सूझी और ठग्गू भाई के यहाँ उसे भेज दिया। संयोग से उस दौरान भी पति पत्नी आपस में बात नहीं कर रहे थे। खरीददार ने आवाज लगाई " "  ठग्गू साहब जी घर पर है क्या ?"    दिलासू भाभी ने सोचा कि हो न हो उनका कोई रिश्तेदार हो। शाम को ठग्गू भाई जब लौटा तो देखा कोई मेहमान बरामदे में कम्बल पर बैठकर आराम से चाय पी रहा है। ठग्गू भाई ने सोचा शायद पत्नी के मायके से आया होगा.  नमस्ते कर हुक्का भर लाया और बगल में बैठ गया.  मेहमान के लिए बगीचे से ताज़ी सब्जी तोड़ लाया कि कम से कम दाल के साथ सब्जी तो होनी ही चाहिए। बैलों का खरीददार माजरा भांप गया कि वे गलतफहमी में उसे एक-दूसरे का मेहमान समझ बैठे हैं। बैल उनके यहाँ है नहीं वह देख चुका था। उसने चुप रहने में ही भलाई समझी कि रात तो आराम से कट जायेगी। रात को खाने के बाद गरम दूध का गिलास दिलासू भाभी ने मेहमान के सिरहाने रख दिया। सोचा बड़ी मुश्किल से मेहमान घर आया है और कुछ न खिलाया तो लोग नाम रखेंगे. यह सोचकर दिलासू भाभी ने सुबह नाश्ते में उड़द की दाल के पकौड़े बनाये. खा पीकर मेहमान ने ठग्गू भाई को नमस्कार किया और दिलासू भाभी को " अच्छा बहिन, बैठ फिर" कहकर विदा होने लगा तो ठग्गू भाई को यकीन हो गया कि यह मेरी पत्नी का कोई खास ही है। सोचने लगा मेहमान को खाली हाथ विदा करना भी ठीक नहीं है. कुछ न कुछ तो देना ही चाहिए। वह भीतर गया और एक पीतल का भगौना ले आया। मेहमान के ना करते करते भी ठग्गू भाई ने वह भगौना जबरदस्ती उसके झोले में ठूस दिया।  भगौना जाने का दुःख दोनों को हुआ किन्तु सकून भी हुआ कि चलो मेहमान की खातिरदारी ठीक से हो पाई .
                         अब दूसरे दिन जब भात पकाने के लिए भगौने की जरूरत महसूस हुयी तो दिलासू भाभी भीतर रसोई में अपने आप में ही बडबडा रही थी "  लो, एक भगौना था वह भी चला गया  "   इतना सुनकर ठग्गू भाई भड़क उठा "   अरे, सुना किसको रही हो ? तुम्हारा ही तो भाई था."    "  मेरा भाई ?"   दिलासू भाभी बिफर पड़ी. जब दोनों कुछ देर लड़ लिए, गला फाड़-फाड़ कर चिल्ला लिए तो तब स्थिति साफ़ हुयी. दोनों ने सर पीट लिया. ....... और उसके बाद ठग्गू भाई और दिलासू भाभी की लड़ाई होते गाँव वालों ने कभी नहीं सुनी.